विदिशा । जिले के लटेरी थाना परिसर में बुधवार को दो समुदाय आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई। देखते ही देखते आसपास के बाजार बंद हो गए। पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को काबू करने की कोशिश की। विवाद बढ़ता देख आसपास के थानों से भी पुलिस बल भी बुलाया गया। दोनों पक्षों को समझाइश दी गई। इसके बाद एक पक्ष ने सिरोंज चौराहे पर चक्काजाम लगा दिया। हालांकि प्रशासन की समझाइश देने के बाद उन्होंने प्रदर्शन खत्म कर दिया।
दरअसल, जिला मुख्यालय से 90 किमी दूर लटेरी थाना क्षेत्र के गांव रायपुरा में भील और यादव समाज के लोगों में विवाद हो गया था। दोनों समाज में वन भूमि पर कब्जे को लेकर तनाव की स्थिति बनी है। इसके चलते बुधवार को यादव समुदाय के लोग लटेरी थाने पहुंचे थे। वे यहां अपनी शिकायत दर्ज करा ही रहे थे। तभी भील समाज के लोग भी आ गए। इस बीच दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी।
पुलिस को छोड़े आंसू गैस के गोले
दोनों पक्षों में कहासुनी के दौरान किसी ने पत्थर मार दिया। इसके बाद दोनों ओर से लट्ठ और पत्थर चलने लगे। पुलिस को हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। विवाद की सूचना मिलते ही विदिशा कलेक्टर उमाशंकर भार्गव और एसपी दीपक शुक्ला भी मौके पर पहुंच गए थे।