Friday, 14 March

बैतूल। महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए भक्त तरह-तरह से पूजा-अर्चना करते हैं, ताकि उनको प्रसन्न कर उनकी कृपा के पात्र बन सकें। बैतूल शहर में भी बाबा भोलेनाथ का एक ऐसा भक्त है, जिसने शिवालय में एकत्रित हुए नारियल और जूट से महादेव के ध्यान व शांत प्रिय रूप आदियोगी शिव की सुंदर और अनूठी लगभग आठ फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण किया है, जो भक्तों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।

इस प्रतिमा को बनाने वाले शख्स ओर कोई नहीं बल्कि बैतूल में रहने वाले मूर्ति कलाकार आर सुनील प्रजापति हैं, जो हर साल महाशिवरात्रि के अवसर पर अलग-अलग स्वरूपों में महादेव की प्रतिमा को बनाते हैं। इनके द्वारा बनाई गई महादेव के प्रतिमा प्रतिवर्ष शहर में निकलने वाली प्रसिद्ध शिव बारात की शोभा बढ़ाती है।

कलाकार आर सुनील प्रजापति ने इस साल महादेव की प्रतिमा नारियल और जूट से तैयार की है। बताया जाता है कि इस प्रतिमा को बनाने के लिए उन्हें 23 दिन का समय लगा। कलाकार आर सुनील प्रजापति हर साल अलग-अलग तरह से भोलेनाथ की छवि को रूप दिया करते हैं।

महादेव के इस आदि योगी स्वरूप को देखने के लिए जिले भर से भी लोग आ रहे हैं। भोलेनाथ की प्रतिमा देखने में अद्भुत लग रही है।पिछले साल भी आर सुनील प्रजापति ने विशाल शिवलिंग की आकृति बनाई थी, जिसे देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ एकत्रित हुई थी। इस साल सुनील ने नारियल एवं जूट से महादेव की आकृति बनाई है जो अब आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

Share.
Exit mobile version