भोपाल। मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस बुधवार को प्रदेशभर में मनाया गया। हालांकि विधानसभा चुनाव की आचार संहिता प्रभावी होने के कारण बड़े कार्यक्रम आयोजित नहीं किए गए, लेकिन मंत्रालय स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और मध्य प्रदेश गान का सामूहिक गायन 11 बजे आयोजित किया गया।
इस दौरान संस्कृति विभाग की टीम द्वारा देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी गई। इसमें मंत्रालय, सतपुड़ा और विंध्याचल भवन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
पीएम मोदी ने भी दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रदेशवासियों को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस की बधाई दी। पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि ‘मध्य प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। विकास की नित-नई ऊंचाइयों को छू रहा हमारा मध्य प्रदेश अमृतकाल में देश के संकल्पों को साकार करने में अहम योगदान दे रहा है। मेरी कामना है कि यह राज्य प्रगति के पथ पर यूं ही निरंतर अग्रसर रहे।’
राहुल गांधी ने दी बधाई
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के निर्माण और विकास में सभी का योगदान है। वे जनता की खुशहाली की कामना करते हैं।
हमने विरासत की शुरुआत की: चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश स्थापना दिवस की बधाई दी है। उन्होंने कहा, हर साल हम मध्य प्रदेश स्थापना दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाते हैं। हमने इस विरासत की शुरुआत की है। लेकिन इस बार आदर्श आचार संहिता के कारण हम इसे आधिकारिक तौर पर नहीं मना सकते। लेकिन 3 दिसंबर के बाद जब भाजपा दोबारा सरकार बनाएगी तो हम तिथि तय कर स्थापना दिवस मनाएंगे।
जनता की खुशहाली हमारा लक्ष्य: कमलनाथ
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने स्थापना दिवस पर प्रदेश के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि हमारा लक्ष्य है जनता खुश रहे। आइए हम सब मिलकर अपने मध्य प्रदेश को संसार का सबसे स्वस्थ, सुरक्षित, सुखी, समृद्ध और सुसंस्कृत राज्य बनाने का संकल्प लें। उन्होंने यूनेस्को द्वारा ग्वालियर को ‘सिटी ऑफ म्यूजिक’ के रूप में मान्यता दिए जाने पर भी बधाई दी है।